मनीमाजरा। आईटीबीपी ट्रेड्समैन की लिखित परीक्षा में पर्ची और मोबाइल से नकल करते पकड़े युवक पर मौलीजागरां थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पकड़े आरोपी की पहचान हिसार निवासी संदीप के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
हिसार निवासी संदीप ने आईटीबीपी के ट्रेड्समैन की नौकरी अप्लाई की थी। रविवार को रायपुर कलां स्थित अलास्का ऑनलाइन टेक्नोलॉजी में ट्रेड्समैन की लिखित परीक्षा थी। इस दौरान वह मोबाइल फोन में ब्लूटूथ की मदद से परीक्षा में नकल करने लगा। नकल करते हुए परीक्षा इंचार्ज गगन शर्मा ने उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौलीजागरां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदीप को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया।
आईटीबीपी ट्रेडसमैन की परीक्षा दे रहा युवक नकल पर्ची के साथ गिरफ्तार
चंडीगढ़। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) ट्रेड्समैन की परीक्षा में केंद्र तक नकल पर्ची ले जाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी प्रदीप शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि पर्ची को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में किसने मदद की है।
पुलिस को दी शिकायत में परीक्षा केंद्र के निरीक्षक रवि ने बताया कि रविवार को औद्योगिक क्षेत्र फेज-दो के प्लाट नंबर 124 में आईटीबीपी के ट्रेडसमैन की परीक्षा चल रही थी। इस दौरान वह परीक्षा केंद्र की चेंकिग कर रहे थे। इसी बीच उन्हें प्रदीप शर्मा के पास से नकल पर्ची बरामद हुई। पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर सेक्टर-31 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसेे पकड़कर थाने ले गई। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।