जीरकपुर। चंडीगढ़ नंबर की एंडेवर कार में सवार दो लोगों को ढकोली पुलिस ने .32 बोर का पिस्टल व 13 कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रभजोत सिंह निवासी गांव हाथड़ी जिला कैथल हरियाणा और मनजिंदर सिंह निवासी गांव बलाही जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा के रूप में हुई है। जांच अधिकारी ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ एमएस एनक्लेव के पास मौजूद थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक काले रंग की एंडेवर गाड़ी में दो व्यक्ति अवैध असलहा के साथ गाजीपुर से ढकोली की तरफ आ रहे हैं। सूचना के तुरंत बाद पुलिस स्टेशन के नजदीक बने भगत सिंह चौक के बाहर नाकेबंदी कर गाड़ी को रोककर चेक किया तो उसमें से एक .32 बोर का पिस्टल व 13 कारतूस बरामद हुए। इसका कोई भी लाइसेंस पकड़े गए व्यक्तियों के पास नहीं था। इसके बाद पुलिस ने असलहा एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।