मनीमाजरा। विकास नगर के कम्युनिटी सेंटर के पास बीते वीरवार की रात एक युवक की हत्या और दूसरे को घायल करने के आरोपियों को मौलीजागरां थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी मौली कांप्लेक्स के रहने वाले हैं। हत्या करने के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। एक युवक के सीने पर चाकू लगने से मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया गया था। यह मामला मौली कांप्लेक्स के रहने वाले सोहन लाल की शिकायत पर दर्ज हुआ था। उनका भतीजा वेदपाल भी वारदात में घायल हुआ था। उसके पेट में चाकू लगा था। सोहन लाल ने अपनी शिकायत में बताया था कि बीते 11 जुलाई को विकास नगर के कम्युनिटी सेंटर में पड़ोस की लड़की की शादी थी। रात 11:45 बजे उसने बाहर शोर सुना और देखा कि वेदपाल पेड़ के पास जख्मी पड़ा है। उसे चाकू से जख्मी किया गया था। वहीं, कम्युनिटी सेंटर की दूसरी दीवार की तरफ एक और व्यक्ति (मोंटी) जख्मी पड़ा था। इसके बाद वेदपाल को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया गया था और मोंटी की मौत हो गई थी।
इस मामले की जांच के लिए पुलिस टीमें गठित कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। शादी में आए मेहमानों और वेटरों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने विशाल और रिंकू को उठा लिया। पुलिस की जांच में पता चला कि घटना के वक्त मोंटी विकास नगर में शराब के
ठेके पर शराब पी रहा था। इसके बाद वह कम्युनिटी सेंटर के पीछे पहुंचा, जहां वेदपाल दीवार के पास बैठ शराब पी रहा था। वहीं, कम्युनिटी सेंटर के अंदर मौजूद उसके दोस्त दीवार के दूसरी तरफ से वेदपाल को बाहर स्नैक्स दे रहे थे। जब मोंटी ने शराब मांगा तो वेदपाल ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों में बहस शुरू हो गई। मोंटी ने वेदपाल पर चाकू से हमला कर दिया। यह देख वेदपाल के दोस्त दीवार फांदकर बाहर आ गए और मोंटी की पिटाई शुरू कर दी। रिंकू और विशाल ने उसी चाकू से मोंटी पर हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। दोनों आरोपी मौली कांप्लेक्स के हैं और मजदूरी करते थे।