चंडीगढ़। शहर के कॉलेजों में सेंट्रलाइज्ड और नॉन सेंट्रलाइज्ड कोर्स के लिए प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। मेरिट में किसी भी तरह की कोई समस्या या अंकों के गलत अपलोड होने की स्थिति में उम्मीदवार रविवार दोपहर एक बजे तक आपत्ति दर्ज करवा सकता है।
डीएचई की वेबसाइट पर मेरिट के उपलब्ध डाटा के अनुसार कॉलेजों में छात्रों ने मैनेजमेंट के कोर्स में अधिक रुचि दिखाई है। बीकॉम, बीसीए और बीबीए के कोर्स में ढाई से छह गुणा अधिक आवेदन मिले हैं जिससे प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है। वहीं, बीएससी नॉन मेडिकल के कोर्स में छात्रों की रुचि नहीं होने के कारण कुल सीटों से 78 आवेदन कम प्राप्त हुए हैं जिससे ये सीटें खाली जाएंगी या विभाग को इन पर दोबारा आवेदन मंगवाने पड़ेंगे। बीएससी नॉन मेडिकल में मेरिट के न्यूनतम स्कोर 48.60 है यानि इतने कम अंकों पर भी छात्र को दाखिला मिलने की पूरी संभावना है।
इन मुख्य कोर्सेज में प्राप्त हुए इतने आवेदन
कोर्स - कुल सीट - मेरिट में चयनित आवेदन - मेरिट का न्यूनतम स्कोर
- बीकॉम - 2310 - 6031 - 48.56
- बीसीए - 880 - 4426 - 41.40
- बीबीए -560 - 4114 - 41.00
- बीएससी नॉन-मेडिकल - 1260 - 1182 - 48.60
- बीएससी मेडिकल - 745 - 1121 - 47.67
- बीएससी नॉन मेडिकल कंप्यूटर साइंस - 380 - 676 - 48.20
- बीएससी बायोटैक - 150 - 677 - 54.34
ये रहेगा सेंट्रलाइज्ड दाखिले का कार्यक्रम
प्रोविजनल मेरिट लिस्ट में शामिल प्रतिभागियों की ओर से सात अगस्त दोपहर एक बजे तक आपत्ति दर्ज करवाई जा सकती है। इसके बाद एलिजिबल प्रतिभागियों की प्रोविजनल लिस्ट 10 अगस्त को शाम चार बजे तक डीएचई की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इसके उपरांत कॉलेज अलॉट होने पर प्रोविजनल लिस्ट 12 अगस्त को शाम पांच बजे तक डीएचई की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
पीयू यूएसओल में दाखिले का ये रहेगा कार्यक्रम
15 सितंबर : दाखिले के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि
19 सितंबर : दाखिला फीस जमा करने की अंतिम तिथि
22 सितंबर : ऑनलाइन दाखिला प्रोसेस पूरा करने की तिथि
27 सितंबर : दाखिले फॉर्म का हार्डकॉपी में यूएसओल में जमा करने की अंतिम तिथि