चंडीगढ़। शहर के शराब कारोबारियों से अवैध वसूली में क्राइम ब्रांच में तैनात दो मुलाजिमों के नाम सामने आए हैं। विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अब जल्द ही इनकी गिरफ्तारी और निलंबन हो सकता है। इस खुलासे के बाद दोनों मुलाजिमों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद गिरफ्तारी हो सकती है। उधर, ये मुलाजिम किसकी शह पर वसूली कर रहे थे, इस पर अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है।
बता दें कि पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों को क्राइम ब्रांच के मुलजिमों के खिलाफ हर महीने अवैध वसूली की शिकायत मिल रही थी। सेक्टर-39 थाने में एक शिकायत में शराब कारोबारी ने आरोप लगाया था कि क्राइम ब्रांच के मुलाजिम 96 हजार रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं। इसके बाद साउथ एएसपी रितु अरोड़ा ने रविवार को मुलाजिम के खिलाफ आईपीसी की धारा 383 और भ्रष्टाचार अधिनियम की धारा 13/1 के तहत मामला दर्ज किया था। अवैध वसूली का मुलाजिमों का एक सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी सामने आया था। इसकी पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही मुलाजिमों को गिरफ्तार कर निलंबित किया जाएगा। वहीं, एसएसपी का कहना था कि मामले में अभी सिर्फ एक शिकायत पर कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य मामलों की अभी जांच चल रही है।