पंचकूला। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक बुजुर्ग महिला से 16 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बीकानेर निवासी गोपाल सारण और प्रमोद गोदारा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर महिला को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसाने की धमकी दी और डराकर अलग-अलग खातों में 16 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। जांच में ठगी की रकम एक आरोपी के खाते में मिलने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।