चंडीगढ़। सेक्टर-19ए में शनिवार रात पड़ोसी के घर में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुल्लड़बाजी करने से रोकने पर पंजाब पुलिस के एसआई लखबीर सिंह की पिटाई कर दी गई थी। मामले में सेक्टर-19 थाना पुलिस ने स्थानीय निवासी समीर और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश चल रही है। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ रास्ता रोकने, मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। हालांकि, पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने बाद में जमानत पर छोड़ दिया है।
गौरतलब है कि पंजाब पुलिस में तैनात सब इंस्पेक्टर लखबीर सिंह की ड्यूटी सेक्टर-1 स्थित बटालियन 13 में है। उनका आरोप था कि शनिवार रात पड़ोस के घर में जन्मदिन पार्टी थी। इस दौरान देर रात कुछ युवकों ने घर के बाहर हुड़दंगबाजी शुरू कर दी। विरोध करने पर पांच से छह युवकों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत करवाया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए लखबीर सिंह की शिकायत उक्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।