विधानसभा चुनाव की दस्तक के साथ नेता से लेकर वर्कर तक चुनावी रंग में रंगने लगे हैं। अब तक के चुनाव में चुनिंदा रंग ही दिखते थे लेकिन इस बार रंगों की बहार होगी। दलों की संख्या बढ़ने के साथ ही रंगों की संख्या भी बढ़ गई है। दीपावली से पहले ये रंग हरियाणा विधानसभा चुनाव में छंटा बिखेरेंगे।
अब तक चुनाव के दौरान राज्य में हरा रंग सबसे ज्यादा मशहूर था। लेकिन अब कांग्रेस की गुलाबी पगड़ी भी धाक दिखा रही है। दिल्ली की एक रैली में छाई गुलाबी पगड़ी हरियाणा कांग्रेस की पहचान बन चुकी है। 24 अगस्त को हुई कांग्रेस की पानीपत रैली में भी यह पगड़ी छाई रही।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से लेकर सांसद दीपेंद्र हुड्डा सहित सभी कांग्रेसी रैलियों में गुलाबी पगड़ी में नजर आ रहे हैं। हरे रंग की पगड़ी इनेलो की रैलियों में छा चुकी है।
पार्टी का हरा रंग बहुत पुराना है और पूर्व उप प्रधान मंत्री देवीलाल भी हरे रंग की पगड़ी पहनते थे। पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला भी हरे रंग की पगड़ी पहनते हैं। पार्टी की खास रणनीति के तहत हरा रंग जनसभाओं और रैलियों में छाया रहता है।
पीला रंग बना हजकां की पहचान
कुलदीप बिश्नोई ने पीला रंग हजकां की पहचान बना दी है। उनकी रैलियों में पीला रंग छाया रहता है। यहां तक की उनका चुनाव निशान ट्रैक्टर भी पीले रंग में रंगा दिखता है।
बीते दिनों अंबाला में हुई हरियाणा जन चेतना पार्टी की रैली में लाल रंग छाया रहा। इस रैली में पार्टी अध्यक्ष विनोद शर्मा ने भी लाल रंग की पगड़ी पहनी थी। उनका चुनाव चिह्न सिलेंडर भी लाल रंग का है। पूर्व मंत्री गोपाल कांडा की हरियाणा लोकहित पार्टी का रंग भगवा से मिलता जुलता है, लेकिन पूरी तरह भगवा नहीं कहा जा सकता।
जबकि भारतीय जनता पार्टी का भगवा रंग बहुत पुराना हो चुका है। हरियाणा भाजपा के नेता इस समय भगवा रंग में रंगे हुए हैं। इस विधानसभा चुनाव में बसपा का नीले रंग का हाथी भी जोर मारेगा।
फैशन के रंग, हरियाणा नंबर वन
चुनावी रंग में रंगे नेताओं ने कपड़े भी उसी रंग के डालने शुरू कर दिए हैं। कुलदीप बिश्नोई रैलियों में पीले रंग की टीशर्ट में दिख रहे तो इनेलो नेता हरी सदरी पहन रहे हैं। अन्य पार्टियों के नेताओं ने कुर्ते अपनी पार्टी के रंग के पहनने शुरू कर दिए हैं।
कांग्रेस सरकार ने अपनी उपलब्धियां दिखाते हुए हरियाणा नंबर वन का विज्ञापन इलेक्ट्रानिक मीडिया पर जारी किया है। हरियाणवी टच लिए यह विज्ञापन आज कर युवाओं की जुबान पर है।
हरी हरी पगड़ी आले की...
इनेलो कार्यकर्ताओं के मोबाइल पर लगी कॉलर टोन हरी- हरी पगड़ी आले (वाले) की सारी वोट चौटाला की, धुन बहुत लोकप्रिय है। लोकसभा चुनाव के समय से ही यह धुन हरियाणा में प्रचलित हो चुकी है।
इनेलो वेबसाइट पर मौजूद हैं कॉलर टोन
इनेलो की वेबसाइट और सोशल मीडिया पर अधिकतर कालर टोल डाउनलोड करने की सुविधा है। अलग-अलग टोन में ओम प्रकाश चौटाला का बखान किया गया है। जबकि अजय और अभय चौटाला का भी गुणगान किया गया है।
कुलदीप की रैलियों की क्लिप:
कुलदीप बिश्नोई की पार्टी के एक कार्यकर्ता ने उनकी रैलियों और रथ यात्राओं को एक सीडी में कैद किया है। यह सीडी कुलदीप मीडिया और अन्य सदस्यों को बांट रहे हैं। व्हाटस ऐप पर हजकां की रैलियों की क्लिप भेजी जा रही है।
इस क्लिप में दिखाया गया है कि किस तरह रैलियों में भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं द्वारा कुलदीप को गठबंधन का मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित किया गया है। गठबंधन टूटने के बाद हजकां यह क्लिप दिखाकर वोटरों को संदेश दे रही है कि भाजपा ने उनके साथ धोखा किया है।