चंडीगढ़। मलोया थाना क्षेत्र में एक्टिवा पर जा रही महिला की ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। पुलिस ने सेक्टर 38 वेस्ट की रहने वाली राजा हसीजा की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि गांव मलोया निवासी पंजाब नंबर के ट्रक चालक रवि मोहम्मद (29) ने सेक्टर-38 वेस्ट की रहने वाली एक्टिवा चालक महिला को शाहपुर लाइट पॉइंट के पास बीते 26 मार्च को टक्कर मार दी थी। हादसे में एक्टिवा चालक को गंभीर चोटें आई थीं। उसे पीजीआई भर्ती करवाया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आराेपी को गिरफ्तार कर जमानत दे दी।
वहीं, एक अन्य मामले में सेक्टर-56 के रहने वाले राजा राम ने मलोया थाना पुलिस को सड़क हादसे की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले में लापरवाही और उतावलेपन में ड्राइविंग करते हुए किसी को जख्मी करने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि चंडीगढ़ नंबर की कार के अज्ञात चालक ने उनकी एक्टिवा को सेक्टर-38 के राजू प्रिंस सर्विस स्टेशन के पास बीते 21 फरवरी को टक्कर मार दी थी। हादसे में उन्हें काफी चोटें आई थीं और उनका सेक्टर 32 जीएमसीएच में इलाज चला। पुलिस कार चालक की तलाश में जुटी है।