अभी 1491 मरीज सक्रिय हैं और 71 लोगोें की कोरोना ने जान ले ली है। सिविल सर्जन ने बताया कि हम सभी को इस कोराना काल में सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पूरा पालन करना चाहिए। उधर, पंचकूला में जिन दो संक्रमितों की मौत हुई है, उनकी पहचान सेक्टर-4 निवासी 82 वर्षीय बुजुर्ग और सेक्टर-12ए निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग के रूप में हुई है। पंचकूला की सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर ने इसकी पुष्टि की है।
वहीं, चंडीगढ़ में शनिवार को 261 पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा रहा। यह एक दिन में मिलने वाले पॉजिटिव मरीजों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। हाल यह है कि तेजी से बढ़ते मरीजों पर काबू पाने की प्रशासन की सारी कोशिशें नाकाम साबित हो रही हैं।
शहर में पॉजिटिव केसों की संख्या देखते-देखते चार हजार के करीब पहुंच गई है। शनिवार को 261 मरीजों के मिलने के बाद पॉजिटिव केसों की संख्या 3985 हो गई है। वहीं अब तक 45 मरीजों की मौत हो चुकी है। इस बीच शनिवार को 141 मरीजों को डिस्चार्ज किए जाने की सूचना ने थोड़ी राहत दी। हालांकि 97 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।
शनिवार को चंडीगढ़ में मिले 261 मरीजों में इंडस्ट्रियल एरिया फेज वन के एक ही परिवार के 5 लोग शामिल हैं। शहर में इंडस्ट्रियल एरिया फेज वन से पहली बार पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इसके अलावा सेक्टर-35 के एक ही परिवार के 6 सदस्य और सेक्टर-41 के एक परिवार के छह और दूसरे परिवार के पांच सदस्यों समेत शहर के अलग-अलग इलाकों के 261 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है।
चंडीगढ़ में 6 दिन में मिले 1067 मरीज
- 29 अगस्त 261
- 28 अगस्त 160
- 27 अगस्त 188
- 26 अगस्त 167
- 25 अगस्त 174
- 24 अगस्त 117
सीएम के प्रधान सचिव के कैंप के सात कर्मचारियों समेत 102 लोग मिले संक्रमित
पंचकूला में दो लोगों की कोरोना से मौत के साथ ही शनिवार को 102 नए संक्रमित मिले। संक्रमितों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रधान सचिव के कैंप स्टाफ के सात कर्मचारी शामिल हैं। जल्द से जल्द सैंपल लेने के साथ ही इन लोगों को क्वारंटीन किया जाएगा। शनिवार को पंचकूला के 96 लोग संक्रमित मिले जबकि छह लोग बाहरी राज्यों और जिलों से संबंधित हैं।
सेक्टर-6 सामान्य अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर ने इसकी पुष्टि करते कहा है कि स्वास्थ्य विभाग संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की लिस्ट बनाकर उनको ट्रेस करने में जुट गया है। सिविल सर्जन ने बताया कि पंचकूला के सेक्टर-4 से 1, सेक्टर-7 से 3, सेक्टर-9 से 1, सेक्टर-12 से 1, सेक्टर-12-ए से 4, सेक्टर-14 से 2, सेक्टर-15 से 6, सेक्टर-16 से 4, सेक्टर-17 से 3, सेक्टर-20 से 8, सेक्टर-21 से 5, सेक्टर-26 से 1, पिंजौर से 20, कालका से 26, हंगोला से 1, रायपुररानी से 2, रामगढ़ से 1, राजीव कॉलोनी से 1, इंदिरा कॉलोनी से 1, मोरनी से 2 और सूरजपुर से 3 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। पंचकूला में छह मरीज अन्य जिलों के मिले हैं। जिसमें हिमाचल प्रदेश के 3, पंजाब से 1, चंडीगढ़ से 1 और हरियाणा के कुरुक्षेत्र से 1 कोरोना संक्रमित शामिल है।