चंडीगढ़/मोहाली। ट्राइसिटी में सोमवार को जहां कोराना से 8 और लोगों की मौत की पुष्टि हुई, वहीं 465 नए मरीज सामने आए। नए मरीजों में चंडीगढ़ के 240, पंचकूला के 75 और मोहाली के 150 संक्रमित शामिल हैं। वहीं, मृतकों में तीन चंडीगढ़, तीन पंचकूला और दो मोहाली के रहने वाले थे।
चंडीगढ़ में सोमवार को जिन तीन मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, उनमें पलसोरा निवासी 36 वर्षीय पुरुष की मौत पीजीआई में सोमवार को हुई। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ डायबिटीज और किडनी के रोग से पीड़ित था। वहीं, सेक्टर-24 निवासी 68 वर्षीय वृद्ध की पीजीआई में 19 सितंबर को मौत हो गई। वृद्ध कोरोना के साथ ही वह हाइपरटेंशन और डायबिटीज से पीड़ित थे। इनके अलावा सेक्टर-15 निवासी 70 वर्षीय वृद्ध की मोहाली के एक निजी अस्पताल में सोमवार को मौत हो गई। उधर, शहर में 240 नए मरीजों के मिलने के साथ ही पॉजिटिव केसों की संख्या 10298 हो गई है।
सोमवार को मिले नए मरीजों में पुरुषों की संख्या महिलाओं से ज्यादा रही। 114 पुरुष जबकि 96 महिलाएं पॉजिटिव आई हैं। हालांकि अभी 178 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। साथ ही कोरोना के 273 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
उधर, मोहाली जिले में सोमवार को जिन दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई, उनमें फेज-10 निवासी 82 वर्षीय महिला की मौत ज्ञान सागर अस्पताल बनूड़ में हुई, वह कोरोना के साथ शुगर की भी मरीज थीं। वहीं, डेराबस्सी निवासी 46 वर्षीय पुरुष की इंडस अस्पताल में मौत हुई, वह भी शुगर के मरीज थे। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि 141 मरीज तंदुरुस्त होकर घर लौटे हैं। वहीं, जिन दो लोगों की मौत हुई है, वह दोनों पहले से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में दाखिल थे। सोमवार को मोहाली में 41 केस, खरड़ में 11, घडुआं में 26, ढकौली में 50, डेराबस्सी में 11, बूथगढ़ और आसपास से 3, कुराली में 7 और बनूड़ में एक केस सामने आए। उन्होंने बताया कि जिले में अब कुल पॉजिटिव मरीजों की गिनती 8512 हो गई है। इनमें से सक्रिय मरीज 2642 और ठीक हो चुके मरीज 5708 है जबकि अब तक 163 मरीजों की मौत हो चुकी है।
पंचकूला में 75 नए संक्रमित मिले
पंचकूला। कोरोना से जिले में सोमवार को तीन और मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही कोरोना मृतकों का आंकड़ा 67 तक पहुंच गया है। इसके साथ ही जिले में कोरोना के 75 नए संक्रमित मिले हैं। इसमें पंचकूला के 50 नए मामले शामिल हैं। मृतकों में बरवाला की एक 65 वर्षीय वृद्धा, सेक्टर-16 पंचकूला के एक 82 वर्षीय वृद्ध व नटवल के रहने वाले 57 वर्षीय अधेड़ शामिल हैं। इन मामलों की पुष्टि पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने की है। उन्होंने बताया कि अब जिले में कोरोना से मौत का आंकड़ा 67 तक पहुंच गया है। पंचकूला में नए संक्रमितों की संख्या अब कम हो रही है। डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि पंचकूला में रिकवरी रेट में भी इजाफा हो रहा है।