चंडीगढ़। कोविड- 19 में दस महीने बाद चंडीगढ़ सब जूनियर महिला खिलाड़ी मैदान में एक्शन में नजर आने वाली हैं। हॉकी टीम इंडिया सब जूनियर वुमन चैंपियनशिप का आयोजन झारखंड में 10-21 मार्च से किया जा रहा है। इसमें हिस्सा लेने वाली चंडीगढ़ सब जूनियर महिला हॉकी टीम के चयन के लिए ट्रायल 8 फरवरी को दोपहर 2 बजे सेक्टर- 42 स्थित हॉकी स्टेडियम में होंगे। ट्रायल हॉकी चंडीगढ़ की ओर से लिए जा रहे हैं। हॉकी चंडीगढ़ के महासचिव अनिल वोहरा के अनुसार ट्रायल में 1 जनवरी 2005 और इसके बाद के जन्मतिथि वाले खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ी आधार कार्ड और जन्मतिथि का प्रमाण पत्र भी साथ लेकर आएं।