चार साल में आई पांच हजार शिकायतें
पंजाब पुलिस के पास इन दिनों ऐसी शिकायतों की भरमार है। चार साल में विदेश मंत्रालय के पास 5900 ऐसी ही ठगी के मामलों में शिकायतें पहुंच चुकी हैं। इनमें से 5000 मामले अकेले पंजाब के ही हैं। पिछले एक साल में दो हजार शिकायतें पंजाब पुलिस के पास पहुंची हैं। ज्यादातर मामलों में लड़कियां विदेश में सेटल हो गई हैं, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक उन्होंने लड़के को स्पाउस वीजा पर नहीं बुलाया। अब परिवार पुलिस के पास चक्कर काट रहे हैं। विदेश में बसने के लिए कई युवाओं ने पुश्तैनी जमीन, घर व आभूषण तक बेच दिए, लेकिन हासिल कुछ नहीं हुआ।
क्या है कॉन्ट्रैक्ट मैरिज का फंडा
जो भारतीय छात्र-छात्राएं ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड की यूनिवर्सिटीज में पढ़ाई करना चाहते हैं, उनके लिए आईलेट्स में 6.5 बैंड हासिल करना अनिवार्य हैं। पंजाब के जो नौजवान इस परीक्षा में पास नहीं हो पाते वो ऐसी लड़कियों की तलाश करते हैं, जो इस टेस्ट को पास कर चुकी होती हैं। इसके बाद लड़कियों को विदेश भेज स्पाउस वीजा पर विदेश जाने का सपना देखने वाले कॉन्ट्रैक्ट मैरिज कर लड़की का सारा खर्च उठाते हैं।