मक्खनमाजरा में इस जगह पर स्कूटी सवार पेड़ की चपेट में आया।
मनीमाजरा। मक्खन माजरा की सड़क पर वीरवार शाम बारिश के बीच स्कूटर सवार पर पेड़ गिरने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रायपुरकलां के शंकर अधिकारी (45) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वीरवार शाम करीब सवा चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि मक्खन माजरा सड़क पर एक पेड़ टूट कर राहगीर के ऊपर जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर जाकर देखा कि पेड़ के नीचे शंकर अधिकारी बुरी तरह घायल पड़ा है। उसे इलाज के लिए तुरंत जीएमसीएच-32 ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार शंकर प्राइवेट नौकरी करता था। शाम चार बजे वह जीरकपुर से अपने स्कूटर पर चंडीगढ़ की ओर आ रहा था। जैसे ही वह मक्खन माजरा की सड़क पर आया तो सड़क किनारे लगा पेड़ अचानक उसके ऊपर आ गिरा। इसमें वह बुरी तरह घायल हो गया।