फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: एक साल बाद उसी तारीख को हीराक्षी के मामा की कार पर गिरी पेड़ की डाल... बाल-बाल बचे

Sun, 09 Jul 2023 10:57 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

अमित ने बताया कि यह पेड़ काफी पुराना और काफी बढ़ा है। उन्होंने कई बार इसकी हैवी प्रूनिंग की शिकायत दी है। उन्होंने कहा कि अभी तो सिर्फ तना गिरा है। अगर किसी दिन पेड़ गिरेगा तो यह कई घरों को नुकसान पहुंचाएगा, क्योंकि वह पेड़ घरों की तरफ ही झुका हुआ है।
विज्ञापन
कार पर गिरी पेड़ की डाल। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आठ जुलाई 2022 को सेक्टर-9 के एक स्कूल में 250 साल पुराना पेड़ गिरने से 10वीं की छात्रा हीराक्षी की मौत हो गई थी। ठीक एक साल बाद आठ जुलाई को लगभग उसी समय हीराक्षी के मामा की कार पर पेड़ की एक मोटी टहनी गिर गई। इस हादसे में हीराक्षी के मामा अमित कुमार की जान बाल-बाल बच गई, क्योंकि वह कार में बैठने ही वाले थे। उसी से चंद मिनट पहले यह हादसा हो गया।

विज्ञापन


सेक्टर-19 के मकान नंबर-3227 में रहने वाले हीराक्षी के मामा अमित कुमार ने बताया कि वह रोजाना की तरह पंचकूला स्थित अपने दफ्तर जाने के लिए सुबह करीब नौ बजे निकल रहे थे। उनकी गाड़ी घर के सामने ही खड़ी थी। वह कार में बैठने के लिए घर से निकले। इतने में उनकी मां ने पीछे से आवाज लगाई और कहा कि वह इतनी जल्दी ऑफिस के लिए निकल रहे हैं, कम से कम सैंडविच खाकर जाएं। 

अमित कुमार ने बताया कि वह मां के कहने पर सैंडविच लेकर खड़े होकर खाने लगे। इतने में ही कार पर पुराने पेड़ की मोटी टहनी गिर गई। यह इतनी बड़ी और भारी थी कि अगर वह कार में होते तो बुरी तरह से घायल हो जाते। जान भी जा सकती थी। जिस जगह तना गिरा वहां साइकिल ट्रैक भी था। ऐसे में अगर कोई साइकिल सवार या राहगीर उस रास्ते से गुजर रहा होता तो उसकी भी जान जा सकती थी। अमित ने बताया कि महज कुछ मिनटों की वजह से उनकी जान बच गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

पेड़ की हैवी प्रूनिंग की दी थी शिकायत, हटाने के लिए बुलानी पड़ी जेसीबी

अमित ने बताया कि यह पेड़ काफी पुराना और काफी बढ़ा है। उन्होंने कई बार इसकी हैवी प्रूनिंग की शिकायत दी है। उन्होंने कहा कि अभी तो सिर्फ तना गिरा है। अगर किसी दिन पेड़ गिरेगा तो यह कई घरों को नुकसान पहुंचाएगा, क्योंकि वह पेड़ घरों की तरफ ही झुका हुआ है। शनिवार को भी जब पेड़ गिरा तो सबसे पहले उन्होंने पुलिस को फोन किया। हॉर्टिकल्चर विभाग के कर्मचारी भी आए। तना काफी मोटा था और इसे हटाने के लिए जेसीबी बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत से इसे हटाया गया। अमित ने बताया कि कार का काफी नुकसान हो चुका है।

8 जुलाई को दो हादसों से परिवार के सदस्य सहमे

अमित कुमार ने बताया कि उनकी भांजी हीराक्षी की ठीक एक साल पहले लगभग इसी समय स्कूल में पेड़ गिरने से मौत हो गई थी। उनके साथ भी 8 जुलाई के दिन ही पेड़ गिरने की घटना घटी। इसलिए परिवार के सभी सदस्य स्तब्ध हैं और समझ नहीं पा रहे हैं कि 8 जुलाई के दिन ही उनके परिवार में यह दो बड़े हादसे क्यों हुए हैं और दोनों ही हादसों में पेड़ का गिरना शामिल है। परिवार के लोग काफी डरे हुए हैं। समझ नहीं पा रहे हैं कि आज ही के दिन पेड़ गिरने से ये हादसे उन्हीं के परिवार के साथ क्यों हुए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें