चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने वीरवार को चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) के 97 नए बस चालकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने चालकों को एक अहम संदेश भी दिया। प्रशासक ने कहा कि ड्राइवरों का कर्तव्य है कि वे यात्रियों से हमेशा शिष्टाचार से पेश आएं, अपनी नाम प्लेट सही तरीके से लगाकर रखें और ग्राहक को भगवान मानकर सेवा दें।
कटारिया ने कहा कि नियुक्ति पत्र देने में समय जरूर लगा, लेकिन कोशिश यही रही कि बिना किसी सिफारिश और परेशानी के ये नियुक्तियां की जाएं। आप सभी ईमानदारी और जिम्मेदारी से अपना काम करें, यही हमारी अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि जो भी यात्री बस में सफर करता है, वह सुरक्षित घर लौटने की सोच के साथ निकलता है। किसी सड़क हादसे में यदि जान जाती है तो पूरा परिवार सदमे में चला जाता है। अधिकांश हादसे मानवीय भूल की वजह से होते हैं, जिन्हें रोका जा सकता है। उन्होंने ड्राइवरों की शारीरिक फिटनेस और दृष्टि परीक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही नशे से दूरी बनाकर अनुशासन में रहने की सलाह दी।
समय पर यात्रियों को उनके मंजिल पर पहुंचाएंः कटारिया
प्रशासक ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन तभी सफल होता है जब समय का पालन हो क्योंकि हर व्यक्ति अपना समय बचाना चाहता है। उन्होंने विभाग को हिदायत दी कि यात्रियों को तय समय पर उनकी मंजिल तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आज के समय में नौकरी मिलना आसान नहीं है इसलिए अनुशासन और जिम्मेदारी से काम करना जरूरी है। रोडवेज जब घाटे में जाती है तो सबसे ज्यादा नुकसान कर्मचारियों को ही उठाना पड़ता है, ऐसे में कर्मचारी ही अपने काम से विभाग को लाभ में ला सकते हैं।
स्टॉपेज पर रुकें, होटल पर रुकने की प्रवृत्ति को बंद करें
प्रशासक ने बस ड्राइवरों से यह भी अपील की है कि वे केवल स्टॉपेज पर ही बस रोकें और होटल या अन्य स्थानों पर रुकने की प्रवृत्ति को बंद करें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक चंडीगढ़ की सभी बसें 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक होंगी, जिससे प्रदूषण पर अंकुश लगाया जा सकेगा। इस दिशा में चंडीगढ़ देश का पहला शहर बनने जा रहा है। इस मौके पर कटारिया ने सीटीयू के ऐतिहासिक सफर को भी याद किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1966 में महज 30 बसों से शुरू हुई चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट आज 657 बसों के बेड़े के साथ ट्राइसिटी ही नहीं, बल्कि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक सेवाएं दे रही है।