जल्दबाजी में ही सही लेकिन टिकट न लेकर ट्रेन में सफर करने वालों को इस बार यात्रा महंगी पड़ गई। फ्री में सफर करने वालों के बारे में रेलवे को भनक लगी, तो ऐसे ऑपरेशन किया गया कि फटाफट 69,645 रुपये इकट्ठा हो गए। फिरोजपुर के टिकट निरीक्षक की ओर से डेढ़ सौ रुपये लेकर यात्रियों को दिल्ली तक का सफर करवाने की मिल रही शिकायतों के चलते मुरादाबाद, लखनऊ और दिल्ली की टीम ने सोमवार को पंजाब मेल में छापामारी की।
इस बीच 165 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करने के आरोप में पकड़ा गया। यात्रियों से जुर्माने के तौर पर 69 हजार 645 रुपये वसूल किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जिन टिकट निरीक्षकों के कोच से बिना टिकट यात्री मिले हैं, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।
कुछ दिनों से रेलवे के अधिकारियों को शिकायतें मिल रही थी कि पंजाब मेल में टिकट निरीक्षक यात्रियों से सौ से डेढ़ सौ रुपये लेकर दिल्ली तक का सफर करते हैं। इस तरह सरकारी खजाने को चपत लगाई जा रही है।