गीता महोत्सव में सीएम के उपहारों को खरीद सकेंगे पर्यटक
कुरुक्षेत्र में आयोजित महोत्सव में पहली बार स्टॉल नंबर 13 और 14 पर सजेंगे मुख्यमंत्री को मिले उपहार
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल को मिले उपहार कुरुक्षेत्र में आयोजित गीता महोत्सव के सरस मेले के स्टॉल नंबर 13, 14 में रखे जाएंगे। इन उपहारों को कोई भी पर्यटक खरीद सकेगा। सीएम के ओएसडी भूपेश्वर दयाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के उपहारों की बिक्री से जो भी पैसा मिलेगा, उस पैसे को मुख्यमंत्री राहत कोष के साथ-साथ सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए खर्च किया जाएगा। इन उपहारों को सजाने के लिए इस स्टॉल को विशेष डिजाइन में सजाया जाएगा। इसके लिए कारीगर जुटे हैं। इस स्टॉल को जल्द ही तैयार कर लिया जाएगा और मुख्यमंत्री के उपहारों की आमजन के घरों की शोभा बढ़ाने के लिए बिक्री की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से समाज कल्याण के लिए मुख्यमंत्री उपहार योजना शुरू की गई थी। इस योजना के तहत इसी साल जनवरी माह में पहले चरण में 51 उपहारों के लिए लोगों ने 1 करोड़ 14 लाख 95 हजार रुपये का सहयोग दिया था। इस राशि को समाज कल्याण के उपयोग करने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करवाया गया। अब इसी उपहार योजना में शामिल उपहारों को ब्रह्मसरोवर के घाट पर लगे शिल्प मेले में सजाया गया है।