यमुनानगर में कष्ट निवारण समिति की बैठक में सरकार के ही एक और मंत्री के अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में सोमवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण बेदी अधिकारियों के प्रति सख्त नजर आए।
इस दौरान अतिक्रमण के मामले में सफाई दे रहे नगर निगम के एमई का जवाब बेदी को रास नहीं आया और उन्होंने पहले तो एमई की शैक्षणिक योग्यता पूछी और फिर नसीहत देने लगे।
इसी बीच उनके मुंह से अपशब्द निकलते हैं, हालांकि अपनी गलती भांपकर बेदी किसी तरह अपनी जुबान पर लगाम लेते हैं। मंत्री और एमई के बीच बातचीत का यह घटनाक्रम सोशल मीडिया में भी वायरल हो गया।
बैठक के दौरान निगम के सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू ने आरोप लगाया कि पब्लिक हेल्थ विभाग ने शहर में ग्रीन बेल्ट व पार्कों में नलकूप के साथ अवैध मकान बनाकर अतिक्रमण किया हुआ है।
नलकूप बनाने के लिए सरकार द्वारा निर्धारित 10 गुणा 10 फुट के बदले निगम की सैकड़ों गज जमीन पर कब्जा किया हुआ है। इस शिकायत पर मंत्री ने पब्लिक हेल्थ व नगर निगम के अधिकारियों को बुलाया।