मुख्य सचिव ने बताया कि पंजाब सिविल सचिवालय में यह विशेष कैंप 9 अप्रैल तक लगाया जाएगा। इसी तरह पंजाब सिविल सचिवालय-2 सेक्टर-9 चंडीगढ़ में भी एक कैंप लगाया गया है, जो 30 मई तक जारी रहेगा। इस मौके पर विनी महाजन ने कहा कि ‘मैं पहला टीका लगवाने के बाद तंदुरुस्त महसूस कर रही हूं। आइए, हम सभी यह सुनिश्चित करें कि हर योग्य व्यक्ति यह टीका लगवाए।’ मुख्य सचिव ने कहा कि 45 साल से अधिक आयु का हर व्यक्ति आज से ही वैक्सीन लगवाने के लिए योग्य है। उन्होंने सभी योग्य व्यक्तियों को जल्द से जल्द टीका लगवाने अपील की।
टीका लगवाने के लिए करें रजिस्ट्रेशन
महाजन ने बताया कि लोग किसी भी पहचान पत्र से रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। टीके की पहली और दूसरी खुराक के लिए मौके पर ही रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।
www.cowin.gov.in पर आप स्वयं रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। योग्य व्यक्ति अपने पास के केंद्रों पर टीका लगवा सकते हैं और यह पूरी तरह सुरक्षित है।
एनआईएस में छह और संक्रमित मिले
नेताजी सुभाष चंद्र बोस राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) में गुरुवार को छह और कोविड पॉजिटिव केस सामने आए हैं। सिविल सर्जन डॉ. सतिंदर सिंह ने इसकी पुष्टि की और कहा कि इन छह नए केसों में कोई खिलाड़ी नहीं है। यह सभी केस एनआईएस के स्टाफ के हैं, जो पटियाला के ही रहने वाले हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण ने अपने स्तर पर एनआईएस में खिलाड़ियों और सहायक स्टाफ की जांच करवाई थी।
करीब 380 लोगों के सैंपल लिए गए, जिनमें से 26 एथलीट की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। छह की रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव आई है। अब एनआईएस में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 32 हो गई है। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को एनआईएस ने यह जानकारी दी है।