आठ अक्तूबर को वायुसेना दिवस पर चंडीगढ़ में होने वाले एयर शो की फुल ड्रेस रिहर्सल गुरुवार को सुखना लेक पर होगी। वायुसेना ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लेक के आसपास की कई सड़कें सील रहेंगी और चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कार्यक्रम में वायुसेना के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। आम लोगों को केवल वैध पास से एयर शो देख सकेंगे। शहर में बनाए गए 11 पिकअप प्वाइंट्स से पास धारक सीटीयू की बस में सवार होकर लेक पर पहुंचेंगे। लोगों को अपनी गाड़ी या पैदल सुखना लेक पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
एयर शो के लिए लोगों में काफी उत्साह है। फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ आठ अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम की सभी सीटें बुक हो चुकी हैं। बहुत से लोग एयर शो के देखना चाहते हैं लेकिन मोबाइल एप पर पास उपलब्ध नहीं होने से उन्हें मायूस होना पड़ रहा है। गुरुवार दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक एयर शो चलेगा। इसके लिए लोगों को उनके पिकअप प्वाइंट्स पर पास में दिए गए समय के मुताबिक सुबह 11:00 बजे से 2:00 बजे के बीच पहुंचना होगा। इसके बाद जो लोग पहुंचेंगे उन्हें सीटीयू की बस सुखना लेक तक नहीं लेकर जाएगी। लेक पर गुरुवार को 33 हजार से ज्यादा लोग एक साथ एयर शो को देखेंगे।
आठ अक्तूबर को होने वाले एयर शो में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंच रही हैं। उनके अलावा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तीनों सेनाओं के प्रमुख समेत कई पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के जज, कई मंत्री, अधिकारी व अन्य उपस्थित रहेंगे।
सामान्य सीटीयू बस सेवा बंद रहेगी
गुरुवार और आठ अक्टूबर को सुबह साढ़े 10 बजे से लेकर रात 8 बजे तक ट्राइसिटी में सीटीयू की बस सेवा बंद रहेगी क्योंकि सभी बसें एयर शो में लोगों को लाने-ले जाने में व्यस्त रहेंगी। बसें सुबह 11 बजे से लोगों को उनके पिकअप प्वाइंट से बस में बैठाकर सुखना लेक तक छोड़ने का काम शुरू कर देंगी इसलिए शहर में सामान्य दिनों की तरह सीटीयू की बसें नहीं चलेंगी। इसके अलावा लांग रूट के लिए भी सीटीयू की कई बसें नहीं चलेंगी।
लगेंगे 30 नाके, 4000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
एयर शो के दिन शहर में कुल 4000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 12 सीआरपीएफ की टुकड़ियां लगाई गईं हैं। सुखना लेक के आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। 30 पुलिस नाके लगेंगे जो लोगों को गाइड करेंगे। पंजाब और हरियाणा से भी कार्यक्रम में कई अधिकारी शामिल होंगे इसलिए दोनों राज्यों से अधिकारी बुलाए गए हैं ताकि व्यवस्था को अच्छे से संभाला जा सके।