चंडीगढ़ क्लब को वॉयलेशन हटाने की रिपोर्ट देने का आज आखिरी दिन
नहीं हटाए गए अवैध ढांचे तो डीसी तय करेंगे ध्वस्तीकरण की तारीख, एस्टेट ऑफिस का सख्त रुख
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। सेक्टर-1 के चंडीगढ़ क्लब को बिल्डिंग वॉयलेशन हटाने की रिपोर्ट देने के लिए प्रशासन ने 28 अक्तूबर तक का अंतिम मौका दिया है। अगर क्लब प्रबंधन ने सोमवार तक सभी अवैध निर्माण हटाकर रिपोर्ट एस्टेट ऑफिस को नहीं सौंपी तो ध्वस्तीकरण की तारीख तय कर कार्रवाई शुरू की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक क्लब ने कुछ अस्थायी वॉयलेशन जरूर हटा दिए हैं लेकिन पक्के स्ट्रक्चर से जुड़ी अनियमितताएं अभी जस की तस हैं। ऐसे में डीसी-कम-एस्टेट ऑफिसर निशांत कुमार यादव अब खुद क्लब के खिलाफ आगे की कार्रवाई के आदेश जारी करेंगे। सूत्रों के अनुसार, इस बार कार्रवाई क्लब परिसर के अंदर तक पहुंचेगी।
हाल ही में एस्टेट ऑफिस ने चंडीगढ़ क्लब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यह पाया था कि क्लब ने लगभग 5 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर शेड और किचन बनाए हुए हैं। इसके बाद क्लब को वॉयलेशन हटाने का नोटिस जारी किया गया था।
8.5 एकड़ लीज पर, 32 स्ट्रक्चर निकले अवैध
प्रशासन की ओर से क्लब प्रबंधन को कुल 8.5 एकड़ जमीन लीज पर दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार इस परिसर के अंदर और बाहरी हिस्से में कुल 32 अवैध स्ट्रक्चर बनाए गए हैं जो बिल्डिंग नियमों का उल्लंघन करते हैं। इनमें रेस्टोरेंट, बार, किचन, हॉल, मैरेज पैलेस और ऑफिस स्पेस में किए गए बदलाव शामिल हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि यदि क्लब 28 अक्तूबर तक वॉयलेशन हटाकर रिपोर्ट नहीं देता तो विभाग एक्शन ऑर्डर जारी करेगा और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।