चंडीगढ़। सेक्टर-37 में रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नकाबपोश तीन अज्ञात युवकों ने घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सेक्टर-39 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना सेक्टर-37 के मकान नंबर 2298 के बाहर रात करीब डेढ़ बजे हुई। सीसीटीवी में दिख रहा है कि तीनों युवक पहले बाइक के पास पहुंचे और पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी। कुछ ही सेकेंड में बाइक जलकर राख हो गई। इलाके में आग की लपटें उठते देख लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है । स्थानीय लोगों में इस वारदात को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।