चंडीगढ़। सेक्टर-8 (मध्य मार्ग) स्थित सिंधी स्वीट्स के सामने नाके के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में स्विफ्ट और क्रेटा कार से तीन युवकों को एक कट्टे और 24 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान स्विफ्ट सवार रोपड़ निवासी मनदीप सिंह (29) व साथी चालक हिमाचल प्रदेश के मनकपुरा निवासी प्रदीप (24) और क्रेटा चालक अमृतसर निवासी हुसनदीप सिंह हुंदल (34) के रूप में हुई है। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर में लगातार हो रही फायरिंग के मद्देनजर एसएसपी कुलदीप सिंह चहल के निर्देशों पर सेंट्रल डीएसपी कृष्ण कुमार की देखरेख में शनिवार रात सेक्टर-8 (मध्य मार्ग) स्थित सिंधी स्वीट्स के सामने नाका लगाया गया था। नाके के दौरान वहां से गुजरने वाले सभी वाहनों को चेकिंग चल रही थी। देर रात करीब पौने एक बजे सफेद रंग की कार (एचपी-12-एल-9090) प्रेस लाइट प्वाइंट की तरफ से आ रही थी। पुलिस ने कार सवारों से पूछताछ शुरू की तो वे भागने का प्रयास करने लगे। इसके बाद पुलिस ने स्विफ्ट सवार मनदीप सिंह और चालक प्रदीप को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक कट्टा व पांच कारतूस मिले।
थोड़ी देर बाद ही उक्त नाके पर एएसआई कुलदीप सिंह ने क्रेटा कार नंबर (एचआर-2020-टीआर-829) को शक पर रोका। कार की तलाशी के दौरान 19 कारतूस बरामद हुए। पुलिस जांच में अमृतसर निवासी आरोपी हुसनदीप सिंह के रूप में हुई। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।