दिल्ली में होने वाले वर्ल्ड फूड इंडिया के आयोजन से पहले चंडीगढ़ में इसके लिए रोड शो करने पहुंचीं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल को हरियाणा और चंडीगढ़ का तो भरपूर साथ मिला, लेकिन पंजाब सरकार ने इस कार्यक्रम में अपने एक विशेष सचिव को भेजकर औपचारिकता भर निभाई।
कॉन्फेडेरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) परिसर में आयोजित सम्मेलन में हरियाणा की ओर से कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने शिरकत की, जबकि पंजाब की ओर से कोई मंत्री कार्यक्रम में नहीं पहुंचा। पंजाब सरकार की ओर से विशेष सचिव विकास गर्ग ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जबकि इसमें हरियाणा के अलावा पंजाब से आए कई किसान मौजूद रहे।
बात दें कि पंजाब के कृषि मंत्री का कार्यभार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पास है, वहीं ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा के जिम्मे हैं। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि उन्होंने पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों को निजी तौर पर पत्र लिखकर इस कार्यक्रम का न्यौता दिया था, ताकि दोनों राज्यों के किसान फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में केंद्रीय योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि वे फूड प्रोसेसिंग स्कीमों का प्रचार करने के लिए खुद पंजाब के गांव-गांव जाएंगी। हरसिमरत ने बताया कि पंजाब को तीन और हरियाणा को दो मेगा फूड पार्क अलाट किए गए हैं। इसके अलावा पंजाब को 7 कोल्ड चेन भी अलाट किए गए हैं।