चंडीगढ़। पंचकूला निवासी पूर्व सैनिक से नौकरी के नाम पर तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि चंडीगढ़ सेक्टर-17 स्थित एक निजी सुरक्षा कंपनी ने एरिया प्रबंधक की नौकरी के नाम पर चेक के जरिए यह धोखाधड़ी की है। परेशान होकर शिकायतकर्ता श्रीकृष्णा ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। शिकायत पर सेक्टर-17 थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
फौज से सेवानिवृत्त हवलदार श्रीकृष्णा ने बताया कि वह पंचकूला सेक्टर-7 निवासी हैं। बीते करीब एक सप्ताह पहले उन्होंने एक निजी सुरक्षा कंपनी का विज्ञापन देखा। इसके बाद वह चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित कंपनी के कार्यालय में पहुंचे और नौकरी के लिए संपर्क किया। इस दौरान उनका मोबाइल फोन रिसेप्शन पर ही रखवा लिया गया। इसके बाद एक महिला ने पंचकूला में एरिया प्रबंधक की नौकरी का ऑफर देकर 45 हजार रुपये प्रतिमाह तनख्वाह का लालच दिया। नौकरी के लिए उनसे कई कागजात हस्ताक्षर करवाने के अलावा पंजीकरण के नाम पर 22,500 फीस जमा करवाई गई।
आरोप है कि इसके बाद उन्होंने सिक्योरिटी के नाम पर हस्ताक्षर किया हुआ एक खाली चेक ले लिया गया और कहा कि गया कि 25 दिसंबर को उनकी नौकरी लग जाएगी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब वह घर पहुंचे तो उनके मोबाइल पर बैंक का मैसेज आया, जिसे देखते ही उनके होश उड़ गए। मैसेज से पता चला कि उनके बैंक खाते से तीन लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने कंपनी में दोबारा संपर्क किया तो उन लोगों ने गोलमोल जवाब देकर कहा कि 28 दिसंबर को काम पर आ जाना लेकिन अब तक न तो उन्हें पैसे वापस मिले हैं और न ही नौकरी लगवाई गई है।
परेशान होकर शिकायतकर्ता ने मोहाली में एक्स सर्विसमैन शिकायत सेल के प्रधान सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल एसएस सोही से संपर्क किया। इसके बाद मामले की शिकायत सेक्टर-17 नीलम चौकी पुलिस को दी गई। वहीं जानकारी देते हुए सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल एसएस सोही ने बताया कि इस कंपनी का संचालन एक महिला कर रही है, जो खुद को आर्मी से रिटायर्ड ब्रिगेडियर की बेटी बताती है। कर्नल सोही ने आरोप में बताया कि पहले कंपनी कई लोगों से धोखाधड़ी कर चुकी है।