चंडीगढ़। बैंक कस्टमर केयर अधिकारी बन महिला के खाते से 11.93 लाख उड़ाने वाले दो भाइयों समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। साइबर पुलिस 12 अप्रैल को तीनों को झारखंड के जामतारा से ट्रांजिट रिमांड पर चंडीगढ़ लेकर आई थी। इसके बाद से आरोपी रिमांड पर चल रहे थे। सोमवार को पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों को जेल भेज दिया। जांच में सामने आया कि जामतारा निवासी शहाबुद्दीन अंसारी हामिद मियां और शरीफ अंसारी (दोनों भाई) ने खाते से रकम उड़ाई थी, जबकि तालिब खान ने खाते में आने वाली राशि पर 25 फीसदी कमीशन लेकर बची रकम दोनों भाइयों को दे दी थी।
बता दें कि सेक्टर-23 निवासी सुनीता ने साइबर सेल में शिकायत दी थी कि उन्हें खाते से संबंधित कुछ परेशानी थी। उनका एसएमएस अलर्ट नहीं चल रहा था। उन्होंने इंटरनेट पर पीएनबी का हेल्पलाइन नंबर सर्च किया। उसके बाद अज्ञात नंबर से उन्हें कॉल आनी शुरू हो गई। उन्होंने फोन उठाया तो कॉल करने वाले ने बताया कि वह कस्टमर केयर से बात कर रहा है। आरोपी ने एटीएम कार्ड से जुड़ी जानकारी देने के लिए कहा, जिसके बाद महिला ने सारी जानकारी दे दी। ओटीपी बताते ही खाते से 11,93,699 लाख रुपये निकल गए। इसके बाद साइबर पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर शहाबुद्दीन अंसारी हामिद मियां व शरीफ अंसारी तक पहुंची। इसके बाद दोनों की निशानदेही पर तालिब खान को भी गिरफ्तार तक लिया।