पंजाब के ईंट भट्ठे पर मजदूरी नहीं मिलने पर काम के लिए फरीदाबाद जा रहे छह मजदूर परिवारों के 28 लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। मंगलवार की रात समालखा में गांव पट्टी कल्याणा के पास जीटी रोड पर मजदूरों को लेकर जा रहे पिकअप चालक ने झपकी आने पर खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें दो बच्चों और एक युवक की मौत हो गई। पिकअप में सवार नौ लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
हादसा रात करीब साढ़े तीन बजे का है। पंजाब के टांगड़ा स्थित ईंट भट्टे में छत्तीसगढ़ के जांझगीर के गांव सल्ली के रहने वाले छह परिवार काम करते थे। यह सभी पंजाब से फरीदाबाद बोलेरो पिकअप में जा रहे थे। पट्टी कल्याणा के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर दूसरी लेन पर आ गया और किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया।
पिकअप का एक ओर का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में छह वर्षीय खिलेश, 12 वर्षीय योगेश और 18 वर्षीय अर्जुन की मौत हो गई। योगेश और अर्जुन भाई हैं। वहीं घटनास्थल के पास चाय का खोखा लगाने वाले मोनू निवासी किवाना ने बताया कि ट्रक चालक वाहन को साइड में खड़ाकर उससे पता पूछने आया था। तभी यह हादसा हो गया।
ये हुए घायल
इतवार, इंदू, जानकी, पुनीता बाई, लाभूराम, नंदिनी, बच्चन लाल, नीतू, जगतलाल घायल हो गए। इन्हें पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इनका इलाज चल रहा है।
पंजाब के भट्ठे पर मालिक कर रहा था परेशान
मजदूर उषा बाई ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ टांगडा पंजाब में ईंट भट्ठे पर काम करती थी। लेकिन वहां मजदूरी नहीं दी जा रही थी और न ही खाने को दिया जा रहा था। मालिक बहुत परेशान कर रहा था, जिससे दुखी होकर वे पंजाब से फरीदाबाद जा रहे थे। फरीदाबाद में एक ईंट भट्ठे में काम मिल गया था। रात को ही सभी चल दिए और सुबह तक भट्टे में पहुंचना था।