चंडीगढ़। सेक्टर-17 थाने के पूर्व एडिशनल एसएचओ बलविंदर सिंह और पीओ सेल के एएसआई हरमीत सिंह के खिलाफ रिश्वत मामले में शिकायतकर्ता अजय को लगातार धमकियां मिल रही हैं। बीते मंगलवार को एक व्यक्ति ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर अजय को धमकी दी और उसे केस वापस नहीं लेने पर 24 घंटे में गिरफ्तार करवाने के लिए भी धमकाया। अजय ने बुधवार को एसएसपी सहित सीबीआई कार्यालय में पहुंचकर अधिकारियों को इस बाबत लिखित शिकायत दी। गौरतलब है कि अप्रैल 2024 में सेक्टर-41ए निवासी अजय कुमार ने सीबीआई के पास रिश्वत के मामले में एक लिखित शिकायत दी थी। इसमें अजय कुमार ने बताया कि उसका चेक को लेकर एक अन्य व्यक्ति के साथ विवाद चल रहा था। इसकी जांच पुलिस कर रही थी। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज न करने के एवज में 40 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी लेकिन उसने इस बारे में सीबीआई को शिकायत दे दी थी। सीबीआई ने पीओ सेल के एएसआई हरमीत सिंह और सेक्टर-17 थाना के एडिशनल एसएचओ एसआई बलविंदर सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया था। इन दोनों के खिलाफ सीबीबीआई ने भ्रष्टाचार एक्ट-7 के तहत केस दर्ज किया था। इस मामले में केस दर्ज होने के बाद से शिकायतकर्ता अजय को लगातार कुछ लोगों की ओर से केस वापस लेने के लिए अलग-अलग तरीकों से धमकियां दी जा रही हैं। अजय ने इस बारे में थाना एसएचओ से लेकर डीएसपी व एसएसपी तक लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी कारण अजय ने इस बारे में पुलिस के खिलाफ ही सीबीआई कोर्ट में धमकियां मिलने संबंधित शिकायत दी थी जिसके बाद पुलिस को कोर्ट ने नोटिस जारी किया था। कुछ दिन पहले अगस्त महीने के आखिरी सप्ताह में हुई सुनवाई के दौरान पहुंचे सेक्टर-36 थाना के पुलिसकर्मी को सीबीआई कोर्ट ने भी फटकार लगाई थी। वहीं अब मंगलवार को अजय के पास अज्ञात नंबर से फोन आया और कहा कि वह सीबीआई इंस्पेक्टर बोल रहा है।