चंडीगढ़। सेक्टर-11 की दो दुकानों से चोर 1.26 लाख रुपये की नकदी और 1.50 लाख रुपये की कीमत के एक दर्जन सूट ले उड़े। सेक्टर-37 ए निवासी कस्तूरी लाल ने सेक्टर-11 थाना पुलिस को चोरी की शिकायत दी है। उन्होंने कहा है कि उनकी सेक्टर-11 में हस्तकला प्रिंट के नाम से दो दुकानें है, जहां 14 और 16 अक्तूबर के बीच यह चोरी हुई। पुलिस ने आईपीसी की धारा 380 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से भी फुटेज हासिल कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
शिकायतकर्ता ने बीते 14 अक्तूबर को रात 8.30 बजे उन्होंने अपनी दोनों दुकानों को बंद किया था। इसके बाद जब वह 16 अक्तूबर की सुबह दुकान पर आए तो देखा कि दोनों दुकानों के कैश काउंटर के ताले खुले हुए थे। वहीं दोनों दुकानों के बीच के रास्ते से पीछे की तरफ जाने वाला गेट और शटर भी खुला हुआ था। बाद में पता चला कि छत के रास्ते से चोरों ने आकर वारदात को अंजाम दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच की और बयान दर्ज कर केस दर्ज किया।