चंडीगढ़। शहर के सेक्टर-41बी के एक घर में दिनदहाड़े चोर लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना मंगलवार दोपहर 2.30 से 6.30 बजे के बीच हुई, जब शिकायतकर्ता अपने दफ्तर और उसकी मां गुरुद्वारे गई हुई थी। जानकारी के अनुसार सेक्टर-41बी की रहने वाली दिव्या गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एजी पंजाब के दफ्तर में कार्यरत हैं। मंगलवार सुबह 9:30 बजे वह अपनी ड्यूटी पर चली गई थी। इसके बाद उनकी मां नीलम गुप्ता दोपहर ढाई बजे करीब घर पर ताला लगाकर गुरुद्वारे गई हुई थी। दफ्तर से ड्यूटी खत्म होने के बाद शाम 6:30 बजे वह अपनी मां के साथ वापस घर पहुंची तो देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला पड़ा था। घर के अंदर मौजूद अलमारी को जब उन्होंने खंगाला तो पाया कि कि उसमें रखी सोने की 3 चेन, सोने की अंगूठी, ईयरिंग और 20 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड से मौका मुआयना कराया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।