डेराबस्सी। शहर में चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरों ने बीती रात मुख्य मार्ग स्थित सरना मोबाइल हब नामक दुकान का ताला तोड़ करीब डेढ़ लाख रुपये के मोबाइल व लैपटॉप चोरी कर लिए। दुकान मालिक तनुज सरना ने बताया कि दुकान के ताले टूटे होने की सूचना मिलने पर वह सुबह दुकान पहुंचे। अंदर सामान बिखरा हुआ था और तीन ग्राहकों के ठीक करने आए आईफोन, उसका लैपटॉप और अन्य मोबाइल गायब थे। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में रात करीब ढाई बजे दो चोर चोरी करते नजर आ रहे हैं। दुकान मालिक तनुज ने बताया कि कैमरों की फुटेज से पता चलता है कि चोर दुकान के बाहर खड़े थे, तभी पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी दुकान के बाहर रुकी। गाड़ी से उतरकर पुलिसकर्मी चोरों के पास आता है और उनसे बातचीत भी करता है। इसके बाद दोनों चोर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस उनका पीछा करने के बजाय आगे बढ़ जाती है। पुलिस के जाने के बाद उक्त दोनों चोर वापस आए और चोरी करने के बाद फरार हो गए। तनुज ने कहा कि अगर पुलिस थोड़ी भी मुस्तैदी दिखाती तो उसकी दुकान में हो रही चोरी को रोका जा सकता था। तनुज ने बताया कि कुछ दिन पूर्व बरवाला रोड स्थित आधा दर्जन दुकानों के ताले तोड़ने वाले चोर हैं। दोनों ही जगहों पर चोरों ने एक जैसे कपड़े और बूट पहन रखे हैं।
कोट
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके का दौरा कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही चोर को पकड़ लिया जाएगा।
जसकंवल सिंह सेखों, थानाध्यक्ष, डेराबस्सी