चंडीगढ़। सेक्टर-22 में शनिवार को अज्ञात शातिर कार का शीशा तोड़कर उसमें से दो लैपटॉप उड़ाकर ले गए। इसके बाद चोरी की सूचना देने पर सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कार मालिक देविंदर सेठी ने बताया कि वह पंजाब में संगरूर के मलेरकोटला स्थित आदर्श नगर के रहने वाले हैं। वह बीते शुक्रवार को किसी काम से चंडीगढ़ आए थे। यहां उन्होंने अपनी कार को सेक्टर-22 स्थित मकान नंबर-3910 के पास पार्क कर दिया। इसके थोड़ी देर बाद वापस लौटकर देखा तो कार का अगले हिस्से का ड्राइवर साइड़ का शीशा टूटा हुआ था। अंदर चेक किया तो उसमें रखे दो लैपटॉप, दो पैन ड्राइव, पासपोर्ट और अन्य जरूरी कागजात चोरी हो गए थे। आसपास पूछताछ करने पर लोग जमा हो गए। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। वहीं पुलिस ने वारदात की जगह और आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है, जिससे आरोपियों की पहचान हो सके।