देर रात हुए हमले में सेक्टर-24 निवासी दो भाई और पिता घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। सेक्टर-24 में कार सवार युवकों ने मंगवार को रात घर में घुसकर परिवार पर पथराव कर दिया और घर का दरवाजा तोड़कर तलवारों से हमला कर दिया। हमले में सेक्टर-24 निवासी अनिल, उसका भाई अभिषेक और पिता घायल हो गए। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने अनिल की शिकायत पर सेक्टर-24 निवासी अजय राणा, तनिष समेत 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सेक्टर-24सी निवासी 21 साल के अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार रात वह अपने घर में सो रहे था। तभी घर के बाहर से दो गाड़ियों से हॉर्न की तेज आवाजें आने लगीं। दोनों गाड़ियां घर के बाहर रुक गईं। कार से छह से सात युवक बाहर निकले और घर पर पथराव करना शुरू कर दिया।
अनिल के पिता पहले कमरे में सो रहे थे। उन्होंने शोर मचाया तो अंदर से वह और उसका भाई अभिषेक अगले कमरे में आ गए। उन्होंने देखा कि सेक्टर-24 निवासी अजय राणा, विक्रम, तनिष और अन्य तीन से चार युवक खड़े थे। अजय राणा और तनिष के हाथ में तलवार थी। तनिष घर पर पत्थर फेंक रहा था। पत्थर लगने से उनके घर का दरवाजा टूट गया और तीनों को पत्थर लगे।
जिसके बाद आरोपी उनके घर में घुस गए और तीनों पर तलवारों से हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह पुलिस को कॉल की, जिसके बाद तीनों आरोपी गाड़ियां लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया।