डेंगू की सबसे ज्यादा मार मनीमाजरा, मौलीजागरां और उत्तरी सेक्टरों में है। अब तक सबसे ज्यादा मरीज इन्हीं इलाकों से आए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि डेंगू मच्छर के सबसे ज्यादा लारवा कूलर से मिल रहे हैं और इन इलाकों में लोग अब भी कूलरों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
सबसे ज्यादा केस मनीमाजरा (30) से आए हैं। उसके बाद मौलीजागरां (28), सेक्टर 22 (15), 23 (9), 24 (8), 20 (16), 15 (17) से मरीज सामने आ रहे हैं। विशेषज्ञों ने इन इलाकों के लोगों को सलाह दी है कि मच्छरों से बचने के लिए वे अपनी तरफ से जरूर कदम उठाएं। कहीं भी पानी को जमा न होने दें। बच्चे हों या बड़े फुल बांह की शर्ट पहनें।
रविवार को डेंगू के 17 और चिकनगुनिया के दो नए मामले सामने आए । डेंगू के मरीजों की संख्या अब तक 421 पहुंच गई है, जबकि चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या 60 तक पहुंच चुकी है। विशेषज्ञों ने बताया है कि यदि मौसम में परिवर्तन नहीं आया तो मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। इस समय डेंगू सीजन का पीक चल रहा है। तापमान में कोई भी परिवर्तन नहीं आ रहा, बल्कि उमस में बढ़ोतरी हो रही है। इससे मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।