जहरीली शराब कांड पर होगा हंगामा
शीतकालीन सत्र का दूसरा दिन : टूटी सड़कों को लेकर सरकार को घेरेंगे विधायक
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन में जहरीली शराब कांड का मुद्दा गूंजेगा। इनेलो और कांग्रेस के विधायकों ने इस मामले को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया है। इस मामले में यमुनानगर और अंबाला में जहरीली शराब पीने से दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। विपक्षी विधायकों पहले के आंकड़ों समेत सरकार को घेरने के लिए पूरी तैयारी कर रखी है, उधर सरकार की ओर से इस मामले में जवाब दिया जाएगा। सोमवार को सुबह 11 बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी। प्रशनकाल से कार्यवाही शुरू होगी और शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के बाद अधिनियम भी पेश किए जाएंगे। इनके अलावा, विधायक प्रश्नकाल और शून्यकाल में अपने हलकों की समस्याओं को लेकर सरकार पर हमलावर होंगे। विपक्षी और सत्ताधारी विधायकों ने टूटी सड़कों के सवाल लगाए हैं। इनमें कालका से कांग्रेस विधायक प्रदीप चौधरी, गुहला चीका से जजपा विधायक ईश्वर सिंह, असंध से कांग्रेस शमशेर गोगी शामिल हैं। सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार ने अतिथि अध्यापकों को नियमित करने को लेकर सवाल पूछा है। इसी प्रकार, अभय चौटाला ने यौन उत्पीड़न के मामलों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है, जबकि घरौंडा से भाजपा विधायक हरविंद्र कल्याण ने बाढ़ राहत को लेकर तैयारी के बारे में पूछा है। इसी प्रकार जुलाना से जजपा विधायक अमरजीत ढांडा ने हलके में प्रशासनिक भवन बनाने की मांग उठाई है।
आज सदन में रखे जाएंगे ये विधेयक
-हरियाणा बकाया देय व्यवस्थापन (संशोधन) विधेयक, 2023.
-हरियाणा पिछड़े वर्ग (सेवाओं तथा शैक्षणिक संस्थाओं में दाखिले में आरक्षण) संशोधन विधेयक, 2023.
-हरियाणा निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2023.