चंडीगढ़। शहर में दिवाली की रात मारपीट की कई घटनाएं सामने आईं। इनमें कई लोगों के सिर फूटे। सेक्टर-16 के सरकारी अस्पताल में कई युवक घायल अवस्था में पहुंचे। इनमें से कई को पीसीआर लेकर पहुंची। ज्यादातर मारपीट की घटनाएं धनास में हुईं। वहीं कजेहड़ी, किशनगढ़ और बाकी जगहों से भी मारपीट के कुछ मामले सामने आए। धनास मार्बल बाजार में काम करने वाले एक व्यक्ति पर उसके ही दोस्त ने चाकू से वार कर दिया। वहीं, धनास में एक युवक के छोटे भाई की पिटाई करने के बाद हमलावरों ने उसके बड़े भाई का भी सिर फोड़ दिया। एक नौंवी के छात्र पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। एक सेल्समैन की भी कुछ युवकों ने पिटाई कर दी। कजेहड़ी में दो पक्षों के बीच मारपीट में युवक घायल हो गए। किशनगढ़ में एक युवक पर सरिए से हमला किया गया। इनके अलावा सेक्टर 32 और अन्य अस्पतालों में भी ऐसी घटनाएं सामने आईं। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।