अच्छी नीतियों में भी सुधार की गुंजाइश : सीएम
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिवों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन के प्रस्तावों को मजबूती से लागू करने का आह्वान
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मुख्य सचिवों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान स्थापित सभी प्रस्तावों को मजबूती से लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में हरियाणा की बेहतरीन नीतियों का पालन किया जा रहा है, लेकिन फिर भी सुधार की गुंजाइश है। उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों से संबंधित सभी पहलुओं पर एक अधिक व्यापक प्रणाली का प्रस्ताव देते हुए मौजूदा व्यवस्था का विकल्प तलाशने का भी सुझाव दिया। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने दिल्ली में आयोजित मुख्य सचिवों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन में कल्याणकारी योजनाओं तक आसान पहुंच को प्राथमिकता देते हुए सेवा वितरण गुणवत्ता पर भी फोकस किया गया। सम्मेलन में भूमि एवं संपत्ति, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और स्कूली शिक्षा समेत पांच मुख्य विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान कई अन्य सचिवों ने भी चर्चाओं व निर्णयों के बारे में जानकारी दी। बैठक में गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, स्कूल शिक्षा मंत्री कंवर पाल, ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल, विकास एवं पंचायत मंत्री देवेन्द्र बबली, श्रम राज्य मंत्री अनूप धानक मौजूद रहे।