मोहाली। आम जनता में शिक्षा बोर्ड की छवि को निखारने की जरूरत है। जिससे बोर्ड के कार्यों के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो। प्रत्येक कर्मचारी को कर्तव्यों का पूर्ण ईमानदारी से पालन करने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए। यह कहना है पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन डाॅ. अमरपाल सिंह आईएएस (सेवानिवृत) का।
उन्होंने बुधवार सुबह बहुत ही साधारण तरीके से अपना कार्यभार ग्रहण किया। 1993 बैच के पीसीएस और 2008 बैच के आईएएस अधिकारी डाॅ. अमरपाल सिंह नाभा से हैं। उन्होंने कहा कि यह संस्था विद्यार्थियों से जुड़ी है, इसलिए किसी भी विद्यार्थी की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड कार्यालय में नवीनीकरण की आवश्यकता है ताकि विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर मोहाली न आना पड़े।
इस अवसर पर शिक्षा बोर्ड की सचिव परलीन कौर बराड़ (पीसीएस), संयुक्त सचिव जेआर मेहरोक, उप सचिव गुरतेज सिंह, डाॅ. गुरमीत कौर, नियंत्रक (परीक्षा) लवीश चावला एवं अन्य अधिकारीगण तथा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एवं महासचिव सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।