-ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर से मुलाकात में पंजाब ने निवेश व साझेदारी के नए अवसरों पर चर्चा की
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को कनाडा, विशेष रूप से ब्रिटिश कोलंबिया के साथ व्यापारिक और निवेश संबंधों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा, जीवन विज्ञान, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल उपकरण और टेलीमेडिसिन में कनाडाई कंपनियों के लिए पंजाब में अपार अवसर हैं। इसके अलावा नवीकरणीय ऊर्जा, सोलर पार्क और बायो-एनर्जी परियोजनाओं में साझेदारी की संभावनाएं भी उल्लेखनीय हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब कृषि, एग्रो-प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग उपकरण, आईटी सेवाओं और नवीकरणीय ऊर्जा में अग्रणी है। मजबूत बुनियादी ढांचा और अंग्रेजी भाषा में दक्ष कार्यबल इसे कनाडाई निवेशकों के लिए आदर्श बनाता है। उन्होंने सतत कृषि, खाद्य सुरक्षा और ग्रीनहाउस तकनीकों में ब्रिटिश कोलंबिया की विशेषज्ञता का उल्लेख करते हुए बताया कि यह पंजाब के कृषि आधुनिकीकरण के लक्ष्यों के अनुरूप है। शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में कनाडाई विश्वविद्यालयों के साथ साझेदारी से स्थानीय युवाओं को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कनाडा को प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 में साझेदार देश के रूप में आमंत्रित किया। सम्मेलन में व्यापार प्रतिनिधिमंडल, क्षेत्रीय सत्र और उच्च स्तरीय गोलमेज सम्मेलन होंगे। कनाडाई कंपनियों को पंजाब में टेक्सटाइल, परिधान और कृषि मशीनरी जैसे उद्योगों में निवेश के अवसर भी मिलेंगे। ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी ने कहा, पंजाब और ब्रिटिश कोलंबिया के बीच रिश्ता मजबूत होना चाहिए। हम निवेश, कौशल विकास और ऊर्जा सहित अन्य क्षेत्रों में साझेदारी के अवसर तलाशने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके मंत्रियों के साथ कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, मंत्री अमन अरोड़ा और इन्वेस्ट पंजाब के सीईओ अमित ढाका भी मौजूद रहे।
कनाडा की विशेषज्ञता पंजाब के लिए अहम
स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल उपकरण, टेलीमेडिसिन
नवीकरणीय ऊर्जा, सोलर पार्क, बायो-एनर्जी
कृषि मशीनरी, स्वच्छ इंजीनियरिंग, टेक्सटाइल और परिधान उद्योग
कनाडाई बाजार में गेहूं, चावल, किन्नू, लीची और प्रोसेस्ड फूड उत्पादों की मांग
पंजाब निवेशक सम्मेलन का न्योता
-कनाडा को साझेदार देश के रूप में आमंत्रित।
-व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल, क्षेत्रीय सत्र और गोलमेज सम्मेलन।
-मोहाली में कनाडाई विश्वविद्यालयों के परिसर स्थापना के अवसर।
रिश्ता मजबूत होना चाहिए
पंजाब की ओर से की गई मेहमाननवाजी ने मुलाकात को यादगार बना दिया है। पंजाब हमेशा ब्रिटिश कोलंबिया में बसे पंजाबियों के दिलों में बसता है और हमारे लोगों के बीच यह रिश्ता और मजबूत होना चाहिए। हम पंजाब के साथ व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने के इच्छुक हैं और कौशल विकास, ऊर्जा तथा अन्य क्षेत्रों में आपसी आदान-प्रदान के अवसरों की तलाश करेंगे।
-डेविड एबी,
प्रीमियर, ब्रिटिश कोलंबिया