चंडीगढ़। तीन दिन पूर्व जिला क्राइम सेल की टीम की ओर से कमानीदार चाकू सहित गिरफ्तार किए आरोपी निर्मल सिंह ने पूछताछ के दौरान सेक्टर-20 में दी गई चोरी की वारदात का खुलासा किया है। आरोपी से उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया कीमती सामान व विदेशी करंसी भी बरामद की गई है। आरोपी युवक को जांच टीम ने दोबारा कोर्ट में पेश किया जहां से उसका एक दिन का अतिरिक्त रिमांड मंजूर करवाया गया है ताकि उससे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा सके।
बीती 11 मई को क्राइम सेल की टीम नं नाकेबंदी के दौरान अपनी टीम के साथ मिलकर एक युवक को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के पास से तलाशी के दौरान एक कमानीदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी की पहचान चंडीगढ़ के गांव झंझेडी के निर्मल सिंह के तौर पर हुई। जिसके खिलाफ सेक्टर-36 पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोपी ने पूछताछ में बताया किया कि उसने हाल ही सेक्टर-20 के मकान नंबर 2023 में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उसने ताले बंद मकान में से कुछ कीमती सामान चुराया था, जिसे उसने अपने गुप्त स्थान पर छिपा दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर चोरी के मामले में दोबारा एक दिन के रिमांड पर लिया। उधर, चोरी के मामले में 12 मई को ही सेक्टर-19 पुलिस थाने में महिला चंद वर्मा ने शिकायत दी थी कि बीती 8 मई को उसकी बहन सुम्मी के पड़ोसी परवाना निवासी सेक्टर -20 चंडीगढ़ (परिवार के साथ इंग्लैंड में रहते हैं) ने उसे फोन किया और बताया कि उनके घर में ताले टूट गए हैं। इसके बाद जब चंद वर्मा बहन के घर पहुंची तो कमरों के ताले टूटे हुए और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। सुम्मी परवाना ने बताया कि घर में रखी अलमीरा से एक हजार इंग्लैंड पाउंड, 15 हजार रुपये की नकदी और कुछ अन्य दस्तावेज व जरूरी सामान गायब था। इस मामले में सेक्टर-19 थाने में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी निर्मल सिंह से 560 पाउंड, दो जोड़ झुमके, तीन सेट आर्टिफिशियल ज्वेलरी, 3 कैमरा, नए व पुराने 16 मोबाइल फोन, एक एचपी गैस सिलेंडर, एक लेडीज पर्स कई कीमती सामान रिकवर किए।