चंडीगढ़। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव ने क्रिकेट से ब्रेक लेकर और कुछ समय निकालकर बुधवार को सेक्टर-28 के मशहूर पाल ढाबा (ओल्ड) के लजीज व्यंजनों का स्वाद लिया। हाल ही में विवाह बंधन में बंधे कुलदीप यादव पत्नी वंशिका के साथ यहां पहुंचे।
कुलदीप यादव के आगमन की जानकारी मिलते ही ढाबे में मौजूद क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल बन गया। इस दौरान पाल ढाबा के मालिक प्रीतपाल सिंह ने स्वयं अपने हाथों से कुलदीप यादव के लिए विशेष व्यंजन तैयार किए और उन्हें परोसा। ढाबे में मौजूद कई प्रशंसक अचानक अपने क्रिकेटर को सामने देखकर हैरान रह गए। भारतीय टीम वीरवार को चंडीगढ़ से धर्मशाला के लिए रवाना हो चुकी है जहां शनिवार से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे शृंखला का पहला मुकाबला खेला जाएगा। कुलदीप यादव भी इस शृंखला के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं और उनसे एक बार फिर अपनी फिरकी का जादू दिखाने की उम्मीद की जा रही है।