चंडीमंदिर। नप कालका-पिंजौर के वार्ड 18 की महादेव कॉलोनी, गढ़वाल कॉलोनी, नीतू मां आश्रम कॉलोनी और टंकी के पास की कॉलोनियों में पिछले एक हफ्ते से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। लोगों को रोजाना पानी के लिए जूझना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी रोष है। पानी की समस्या से परेशान लोगों ने वार्ड 18 की महिला पार्षद को अपनी व्यथा से अवगत कराया। शिकायत के बाद पूर्व सरपंच योगेंद्र ठाकुर और पार्षद सीमा देवी ने निजी खर्चे पर पांच ट्रैक्टर-टैंकरों के जरिए पानी की सप्लाई करवाई, ताकि कॉलोनीवासियों को कुछ राहत मिल सके। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग को कई बार लिखित शिकायतें दी लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। नया ट्यूबवेल लगाने की मांग की है।
कई बार मोटर भी खराब हो जाती है
स्थानीय प्रतिनिधियों ने बताया कि साल 2004 में लगाया गया ट्यूबवेल उस समय की आबादी को ध्यान में रखकर लगाया गया था। अब आबादी बढ़कर अधिक हो चुकी है। साथ ही, इसी ट्यूबवेल से चंडी कोटला क्षेत्र में भी सप्लाई जाती है, जिससे पानी का स्तर और मोटर की क्षमता दोनों प्रभावित हो रही हैं। कई बार मोटर भी खराब हो जाती है, जिससे सप्लाई और बाधित हो जाती है।