पानीपत। स्वास्थ्य विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने शहर के आजाद नगर में अधरंग की बीमारी फैलने की जानकारी मिलने पर डेरा डाल लिया है।
डॉक्टरों की टीम की ओर से जांच के दौरान 28 लोगों में से ज्यादातर अधरंग, ब्लड प्रेशर और कैंसर से ग्रस्त मिले। वहीं, कॉलोनीवासियों ने मोबाइल कंपनी के अधिकारियों पर टावर से कुछ इंस्ट्रूमेंट हटाने का आरोप लगाया है।
स्वास्थ्य विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम शुक्रवार को आजाद नगर में पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम की अगुवाई डॉ. श्याम लाल और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम की अगुवाई एसडीओ राजेंद्र सिंह ने की। दोनों विभागों की टीम कई घंटे तक जांच में लगी रही। डाक्टरों की टीम ने 28 मरीजों की जांच की।
इनमें से ज्यादातर मरीज ब्लड प्रेशर, कैंसर, टीबी और अधरंग के सामने आए। इसके अलावा आजाद नगर के दो सरकारी ट्यूबवेलों और तीन मकानों के पानी के भी सैंपल भरे। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप गोयल, डॉ. विनोद निर्माण, स्वास्थ्य निरीक्षक रणबीर सिंह, एमपीएचडब्ल्यू शमशेर सिंह, बिजेंद्र सिंह, रोहताश, मनोज, ओम प्रकाश और रामजस शामिल रहे। वहीं प्रदूषण नियत्रंण बोर्ड के एसडीओ राजेंद्र सिंह ने टावर के आसपास का निरीक्षण किया।
यह है मामला
आजाद नगर में एक मोबाइल कंपनी का टावर लगा है। कॉलोनीवासियों ने वीरवार को डीसी से मिलकर इसे कॉलोनीवासियों में बीमारी का कारण बताया था। उन्होंने कहा था कि कालोनी में अधरंग जैसी कई भयानक बीमारियां घर कर रही हैं। इससे कई लोग मौत का शिकार हो चुके हैं और दो दर्जन से अधिक लोग बीमारियों से ग्रस्त हैं। डीसी ने उनको मामले की जांच कराकर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया था।
कंपनी अधिकारियों पर इंस्ट्रूमेंट हटाने का आरोप
कालोनी के लोगों का आरोप है कि वीरवार को ही कंपनी के कुछ लोग टावर पर आए थे। वे टावर के कई इंस्ट्रूमेंट निकालकर ले गए। उन्होंने बताया कि इससे संबंधित कंपनियों की रेंज भी कम हो गई है। उन्होंने कंपनी अधिकारियों पर भी कार्रवाई करने की मांग की।
विभाग की टीम आजाद नगर में गई थी और कई लोगों का चेकअप किया है। यहां पर लोग ब्लड प्रेशर के मरीज मिले हैं। जिसके चलते अधरंग जैसी शिकायत भी आ जाती हैं। इसका कारण खानपान ही माना गया है। ये सब लोग पहले ही इलाज ले रहे हैं और उनके इलाज संबंधित सारे कागज देख लिए हैं।
डॉ. इंद्रजीत धनखड़, सीएमओ पानीपत