सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में राष्ट्रध्वज के रंग के कपड़े पहने बच्चों ने मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी तो पूरा सभागार देशभक्ति के माहौल से भर गया। मौका था शिक्षा विभाग की ओर से गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का। इस दौरान शहर के स्कूली बच्चों ने भंगड़ा, लुड्डी, स्किट और अर्ध शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया।
कार्यक्रम में गवर्नमेंट हाई स्कूल कजहेड़ी के विशेष और अन्य बच्चों ने स्किट प्रस्तुत कर आजादी के संघर्ष की कहानी बयां की। गांधी, भगत सिंह के लिबास में तैयार हुए बच्चों ने मंच पर इतिहास के पन्नों में जीवित कर दिया। आज के मुद्दों पर ध्यान देते हुए जीएमएसएसएस-10 की छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर भंगड़ा किया। छात्राएं यह प्रस्तुति राष्ट्रीय मंच पर भी पेश कर चुकी हैं। तिरंगे के दुपट्टा और सफेद सूट पहने सेंट एनीज स्कूल की छात्राओं ने अर्ध शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया। जीएमएसएसएस-21 की छात्राओं ने लुड्डी की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे प्रशासक के सलाहकार नितिन यादव ने शिक्षा में सराहनीय कार्य कर रहे कर्मचारी और विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मौके पर शिक्षा सचिव हरगुनजीत कौर, स्कूल शिक्षा निदेशक हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ उपस्थित रहे।
इन्हें किया सम्मानित
नाम पद कार्य
बलविंदर सिंह कर्मचारी शिक्षा विभाग में पिछले 30 साल से स्कूल खेल में योगदान
रूप लाल हेड कुक किचन में कूकर फटने पर बचाई मिड-डे मील वर्कर की जान
साइकृत गुलाटी विद्यार्थी धनास स्कूल में बच्चों की पढ़ाई में मदद की
हर्ष सिंगला विद्यार्थी शूटिंग में अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड कप में किया देश का प्रतिनिधित्व
प्रांशी अरोड़ा विद्यार्थी खेलो इंडिया में जीता रजत पदक