जीरकपुर। शोरूम से लाखों रुपये के सामान का घपला करने के आरोप में नौकर पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान साहिल कुमार निवासी गोल्डन एस्टेट बलटाना के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता विशाल नरुला निवासी सेक्टर-16 पंचकूला ने बताया कि बलटाना क्षेत्र में नरुला ट्रेडिंग कंपनी नामक शोरूम है जहां से करियाना के सामान की सप्लाई पूरे पंजाब में की जाती है। उनका नौकर साहिल कुमार गाड़ियों में सामान लोड करता है। वह काफी दिन से काम पर नहीं आ रहा था। शक होने पर उन्होंने शोरूम का सामान चेक किया तो वहां से लाखों का सामान कम था। पूछताछ करने पर बाकी नौकरों ने बताया कि वह गाड़ी लोड करते समय सामान ज्यादा लोड कर लेता था। ऐसा कर उसने लाखों रुपये का सामान चोरी कर बेचा है।