चंडीगढ़। मानसून की पहली बरसात के साथ ही मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसे ध्यान में रखकर स्वास्थ्य विभाग ने भी डेंगू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है ताकि स्थिति खराब होने से पहले लोगों को बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके। यह इसलिए किया गया है कि चंडीगढ़ में पिछले वर्षों में डेंगू के मरीजों की संख्या काफी ज्यादा रही है। अगर 2021 की बात करें तो डेंगू के 1596 मामले सामने आए थे। वहीं 2022 में 910 और 2023 में 454 मरीज सामने आए थे।
निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुमन सिंह ने बताया कि राहत की बात यह है कि इस वर्ष अब तक यहां डेंगू का एक भी मरीज नहीं मिला है। स्वास्थ्य विभाग इसे स्थिति को आगे भी बरकरार रखने के लिए लोगों से सहयोग करने की अपील कर रहा है। ऐसे में जरूरी है कि लोग मच्छरों से बचाव के मानकों का सख्ती से पालन करें। किसी भी तरह की जानकारी या मदद के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें।
मच्छरों से बचाव के यह नंबर मिलाएं : डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर-76260-02036 पर संपर्क कर सकते हैं। इस नंबर पर कॉल कर फॉगिंग, स्प्रे या मच्छरों से बचाव के लिए दी जा रही सुविधाओं की अनदेखी से संबंधित शिकायत के लिए कॉल करके मदद ली जा सकती है।