चंडीगढ़। सेक्टर-35 स्थित प्राचीन कला केंद्र के एमएल कौसर सभागार में शनिवार को नृत्यांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। शिक्षक दिवस पर युवा कथक नृत्यांगना कान्हारी पिंगे ने प्रभावशाली एकल प्रस्तुति दी। उन्होंने श्याम भजन से शुरुआत करते हुए ग्यारह ताल में थाट, आमद, तिहाई, तोड़ा और परण प्रस्तुत किए। इसके बाद तीनताल में ठुमरी के जरिए राधा-कृष्ण के संवाद को भावपूर्ण ढंग से पेश किया। तबला, गायन और नृत्य के बीच सवाल-जवाब से कार्यक्रम का समापन हुआ। गुरु योगेश शर्मा, उन्नति शर्मा, अक्षय शर्मा और राजेश कुमार ने संगत की। कान्हारी ने प्रस्तुति अपने गुरुओं को समर्पित की। वह कथक में विशारद हैं और लंदन में शोध कार्य के साथ नृत्य की प्रस्तुतियां देती हैं।