मनीमाजरा। लंबे समय से कम्युनिटी सेंटर की पार्किंग पर खड़ी डंप गाड़ियों से परेशान स्थानीय लोगों को आखिर राहत मिलनी शुरू हो गई है। रविवार शाम नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ विंग ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट प्रभजोत सिंह की अगुवाई में अभियान चलाकर पार्किंग क्षेत्र को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
लोगों की समस्या को उठाते हुए अमर उजाला ने ‘दो पार्षदों के ऑफिस वाले कम्यूनिटी सेंटरों के बाहर वाली पार्किंग पर कब्जा’ शीर्षक से 17 नवंबर को खबर प्रकाशित किया था। उसके बाद फिर माड़ीवाला टाउन वेलफेयर एसोसिएशन सहित कई स्थानीय निवासियों ने शिकायत की कि कम्युनिटी सेंटर में शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों के दौरान मेहमानों की गाड़ियों के लिए पार्किंग जगह मिलना मुश्किल हो जाता है। इस अभियान के दौरान टीम ने एक वाहन को मौके से उठाकर जब्त किया। कई गाड़ियों के मालिकों का पता टीम को नहीं चल पाया, जबकि उसी समय कम्युनिटी सेंटर में एक कार्यक्रम भी चल रहा था, जिसके कारण कुछ वाहन हटाने में बाधा आई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट प्रभजोत सिंह ने स्पष्ट किया कि सोमवार को दोबारा अभियान चलाया जाएगा और पार्किंग क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करते हुए खड़ी किसी भी गाड़ी का चालान किया जाएगा।
शहर के अन्य हिस्सों में भी चलाया अभियान
शाम को भी नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने इंस्पेक्टर ललित त्यागी के नेतृत्व में देर शाम मनीमाजरा के कई क्षेत्रों शांति नगर, गोविंदपुरा, राणा की हवेली और बस स्टैंड के पास अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया। सब-इंस्पेक्टर कपिल और लोकेश यादव की टीम के साथ मिलकर दस्ते ने रास्तों पर लगी रेहड़ियां, फड़ियां और अन्य सामान को हटाया तथा 21 लोगों के चालान काटे।