चंडीगढ़। नगर निगम को नए आयुक्त अमित कुमार (पंजाब-2008 बैच) के जॉइन करने का इंतजार है। बताया जा रहा है कि वह सोमवार को जॉइन कर सकते हैं। उनके जॉइन करने के बाद ही मेयर कुलदीप कुमार द्वारा सदन की बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में फिर से वित्तीय संकट समेत कई अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। मेयर ने पहले 21 अक्तूबर को सदन की बैठक बुलाने का फैसला किया था लेकिन वर्तमान आयुक्त विनय प्रताप सिंह को भी यूटी प्रशासन ने रिलीव करना है। ऐसे में बैठक नहीं बुलाई जा सकी। मेयर ने कहा कि अब नए आयुक्त के आने के बाद ही सदन की बैठक होगी। कहा कि एक विशेष बैठक बुलाने की योजना है जिसमें नगर निगम की वित्तीय स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी। बता दें कि पूर्व आयुक्त आनिंदिता मित्रा के जाने के बाद से नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी विनय प्रताप सिंह निभा रहे हैं। उन्होंने दो सदन की बैठकों में हिस्सा भी लिया है। हाल ही में उन्हें केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी मिली है, इसलिए माना जा रहा है कि सोमवार को वह चंडीगढ़ से रिलीव हो जाएंगे। इसके अलावा निगम को चीफ इंजीनियर का भी इंतजार है। प्रशासन ने इस पद पर संजय अरोड़ा को नियुक्त किया है लेकिन दिल्ली एनडीएमसी ने उन्हें अब तक रिलीव नहीं किया है।